रतलाम। नामली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस ने पंचेड़ फंटे पर बिना नंबर की सफेद क्रेटा कार रोककर तलाशी ली। कार में रखे यूरिया के बोरे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। बोरे में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की 27 गड्डियां थीं। दो नोट गिनने वाली मशीनों से गिनती के बाद बरामद नकदी की कुल राशि 73 लाख 72 हजार 500 रुपये निकली। एएसपी राकेश पंद्रो भी मामले की जानकारी मिलने पर नामली थाने पहुंचे।
पुलिस ने कार और नकदी जब्त कर जांच शुरू कर दी है। नोटों की गिनती के लिए नामली के सराफा व्यापारियों से दो मशीनें मंगाई गई थीं। थाना प्रभारी के चौंबर में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूरी रकम गिनी गई। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी रकम किसकी है और इसे कार में कहां ले जाया जा रहा था। नकदी से संबंधित दस्तावेजों का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कृषक है और जमीन बेचकर रकम लेकर आया था। वह किसी काम से रतलाम गया था, लेकिन काम नहीं होने पर रकम लेकर वापस उमठ पालिया स्थित अपने घर लौट रहा था। पुलिस अब जमीन बिक्री से संबंधित दस्तावेजों और नकदी के स्रोत का सत्यापन कर रही है। साथ ही इतनी बड़ी रकम लेकर जाने के कारण और उसके उपयोग की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रतलाम एएसपी राकेश पंद्रो ने मीडिया को बताया कि नकदी से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है नोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। कुल 73 लाख 72 हजार 500 रुपये नकदी मिली है। जमीन बेचकर रकम लाने की बात युवक ने बताई है। नकदी से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।