खनियांधाना। सिंधिया का तीन दिवसीय दौरा कल से शुरू हो रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे पिछोर विधानसभा के खनियांधाना क्षेत्र में विभिन्न विकास सौगातें जनता को समर्पित करेंगे।
दौरे की रूपरेखा और तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी, जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव और सांसद प्रतिनिधि मनीष अग्रवाल के साथ खनियांधाना-पिछोर क्षेत्र के स्थलों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अछरोनी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर और बामौर कलाँ उप तहसील के नए भवन की व्यवस्थाओं को परखा गया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ विजय राज व एसडीएम ममता शाक्य सहित तमाम प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस तीन दिवसीय दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया करोड़ों रुपए की लागत से तैयार हुए ग्राम चमरौआ सब-स्टेशन, पिपरा सब-स्टेशन, अछरोनी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) और बामौरकलां उप तहसील भवन का आधिकारिक लोकार्पण करेंगे।