बड़वानी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेंद्रसिंह पटेल राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने के बाद शनिवार को बड़वानी स्थित सांसद सेवा केंद्र पहुंचे। इस दौरान स्व-सहायता समूह की बहनों ने आत्मीयता के साथ उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
रक्षा सूत्र बंधवाने के बाद सांसद पटेल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह, समर्पण और सामाजिक दायित्व का प्रतीक है। बहनों द्वारा बांधा गया यह रक्षा सूत्र उनके लिए केवल एक धागा नहीं, बल्कि विश्वास और आशीर्वाद का रक्षा कवच है। यह उन्हें बहनों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। लखपति दीदी योजना, स्व-सहायता समूहों के विस्तार तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
पटेल ने कहा कि आज महिलाएं केवल परिवार की शक्ति नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत धुरी बन रही हैं। महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी जितनी मजबूत होगी, देश उतनी ही तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर सांसद ने स्व-सहायता समूह की बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।