नीमच। टाउन हॉल में रविवार को मध्यप्रदेश राज्य एवं विद्युत कर्मचारी साख सहकारी संस्था मर्यादित, नीमच की 23वीं वार्षिक साधारण सभा आयोजित की गई। सभा में संस्था के सदस्यों का स्नेह मिलन हुआ तथा वर्षभर में सेवानिवृत्त हुए विद्युत कर्मचारियों का सम्मान किया गया।
संस्था अध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन ने बताया कि सभा में गत वर्ष का आय-व्यय पत्रक तथा आगामी वर्ष का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही सदस्यों की जमा राशि पर ब्याज एवं अंश राशि के लाभांश का भुगतान दशहरा पर्व से पूर्व उनके खातों में करने का निर्णय लिया गया।
सभा में विद्युत कर्मचारियों ने संस्था की कार्यप्रणाली एवं कर्मचारी हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। उपस्थित अतिथियों ने कर्मचारियों का मार्गदर्शन करते हुए संस्था की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।
सभा के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके सेवाकाल के योगदान के लिए शुभकामनाएं दी गईं।