पोलायकला। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को प्रसिद्ध बाबा शानेश्वर ओंकारेश्वर की भव्य सवारी नगर भ्रमण पर निकलेगी। बाबा की सवारी को लेकर नगरवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। सोमवार शाम 4 बजे मंदिर प्रांगण से सवारी शुरू होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी।
बाबा के नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा तोरण द्वार लगाए गए हैं। सवारी के स्वागत में भक्त बाबा पर पुष्पवर्षा करेंगे और आरती-पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। पूरे मार्ग पर भक्तों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिलेगा।
दुल्हन की तरह सजा पोलायकला
बाबा की सवारी को लेकर महाकाल मित्र मंडल की ओर से नगर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रमुख मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए गए हैं, वहीं जगह-जगह स्टॉल और आकर्षक सजावट की गई है। नगर को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्वागत द्वारों और रंग-बिरंगी सजावट से नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन को लेकर महाकाल मित्र मंडल और श्रद्धालुओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार शाम 4 बजे बाबा की सवारी मंदिर से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भ्रमण करेगी। इस दौरान श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।