खरगोन। अवैध खनन और पहाड़ियों से मुरूम निकालने की खबर सामने लाना एक पत्रकार को भारी पड़ने का मामला सामने आया है। इंदौर समाचार संवाददाता सेवकराम चौबे ने कसरावद थाने में लिखित शिकायत देकर कथित तौर पर गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को सेवकराम चौबे इंदौर रोड स्थित छोटे नाके के आगे मुरूम से भरे डंपर की फोटो और जानकारी जुटा रहे थे। इसी दौरान जुल्फकार पिता दिलावर खान निवासी मुरादाबाद-लोहारी से उनका विवाद हो गया।
पत्रकार का आरोप है कि फोटो खींचने और खबर प्रकाशित करने को लेकर जुल्फकार ने उनके साथ अभद्रता की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में डंपर चढ़ाकर दुर्घटना करने और JCB से खोदकर दफनाने जैसी धमकियां देने का आरोप लगाया गया है। साथ ही कथित तौर पर झूठे ब्लैकमेलिंग केस में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी दौरान आरोपी का भाई भी कथित रूप से टामी/सरिया लेकर मौके पर पहुंचा और मारपीट की धमकी दी। पत्रकार का आरोप है कि उसे पत्रकारिता छोड़ने के लिए भी दबाव बनाया गया।
घटना के बाद पत्रकार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज सुरक्षित कराने के साथ ही स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वहीं घटना को लेकर कसरावद के पत्रकारों ने भी थाना प्रभारी के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आगे की कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।