नीमच। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत तहसील मनासा के ग्राम बर्डिया में ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया गया।
लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव शोभना मीणा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के उद्देश्यों तथा नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेगा ड्राइव का उद्देश्य पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न शासकीय एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर चर्चा की गई। पात्र हितग्राहियों से विभिन्न योजनाओं एवं विधिक सहायता से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभागों से समन्वय कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मेगा ड्राइव के तहत ग्राम बर्डिया में आगामी दिनों में घर-घर सर्वे कर पात्र व्यक्तियों को चिन्हित किया जाएगा। उन्हें नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। लीगल एड क्लीनिक ग्रामीणों के लिए स्थानीय स्तर पर निःशुल्क विधिक सलाह, विधिक सहायता और शासकीय योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, पैरा लीगल वॉलंटियर्स कमला शंकर विश्वकर्मा, भारत राम पाटीदार एवं राकेश सिंह परिहार सहित पटवारी, ग्राम सचिव, सहायक सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।