नीमच। जनपद पंचायत नीमच में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास समिति के सभापति रतनलाल मालावत की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना अधिकारी सहित सभी सेक्टर पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
बैठक में सभापति मालावत ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग महिलाओं और बच्चों के हित से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है, इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदनशीलता और सेवा भावना जरूरी है।
समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों को पोषण आहार की उपलब्धता, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजनाओं का लाभ, कुपोषित एवं अति-कुपोषित बच्चों की निगरानी सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग की भी समीक्षा हुई।
सभापति ने सभी सेक्टर पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन अथवा विभागीय योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा आगामी समीक्षा बैठक में प्रगति प्रस्तुत करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।