चित्तौड़गढ़। जिले के सात नगर निकायों में होने वाले नगर निकाय आम चुनाव-2026 के लिए नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 660 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। जिले में कुल 792 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए थे, जिनमें से 126 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद 6 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें बेगूं नगर पालिका के 5 और कपासन नगर पालिका का 1 पार्षद शामिल है।
निकायवार स्थिति के अनुसार नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में कुल 195 वैध नामांकन में से 44 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। अब 151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
नगर पालिका बेगूं में कुल 89 प्रत्याशियों में से 7 ने नाम वापस लिया। इनमें 5 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि 77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
नगर पालिका रावतभाटा में कुल 129 प्रत्याशियों में से 12 ने नाम वापस लिया। इसके बाद 117 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
नगर परिषद निम्बाहेड़ा में कुल 129 प्रत्याशियों में से 17 ने नाम वापस लिया। अब 112 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
नगर पालिका बड़ी सादड़ी में कुल 73 प्रत्याशियों में से 12 ने नाम वापस लिया। नाम वापसी के बाद 61 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नगर पालिका अकोला में कुल 85 प्रत्याशियों में से 15 ने नाम वापस लिया। अब 70 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
नगर पालिका कपासन में कुल 92 प्रत्याशियों में से 19 ने नाम वापस लिया। इनमें 1 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ, जबकि 72 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इस प्रकार जिले के सातों नगर निकायों में नाम वापसी के बाद कुल 666 प्रत्याशी शेष रहे। इनमें से 6 प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब 660 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले के कुल 250 वार्डों में आगामी चरण में मतदान कराया जाएगा।