दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित बड़े गोविंद मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह ही कार्यक्रम शुरू हो गए। सुबह 6रू30 बजे ठाकुर जी को गर्भगृह से लाया गया। उनका दूध दही से विधिवत अभिषेक किया गया। इस दौरान तकरीबन एक क्विंटल दूध दही से ठाकुर जी का अभिषेक किया गया। सुबह से ही श्रद्धालु लगातार दर्शन लाभ लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
दतिया का यह प्रसिद्ध मंदिर बरसों पुराना है। आसपास क्षेत्र में ऐसा प्रसिद्ध मंदिर नहीं है। बताया जाता है कि जो भी भक्त आते हैं, उनकी मनोकामना जरुर पूरी होती है। ऐसा बताया जाता है कि गोविंद मंदिर के ठाकुर जी के आने से यह क्षेत्र गोविंदगंज के नाम से पहचाने जाने लगा, जहां पर गोविंद मंदिर स्थापित है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के 55 जिलों के 111 स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे। प्रदेशभर के 1500 से ज्यादा स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। 7500 से अधिक श्रीकृष्ण मंदिरों में विशेष साज-सज्जा होगी। घर-घर गोकुल, घर-घर गोपाल’ की थीम पर आयोजन होंगे। मुख्यमंत्री निवास पर भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का विशेष आयोजन होगा।
राजधानी भोपाल स्थित सीएम हाउस में 101 बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बच्चों को माखन मिश्री और लड्डू गोपाल की मूर्ति भेंट करेंगे। जन्मोत्सव में ‘मटकी फोड़’ कार्यक्रम भी होगा। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जानापाव में परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन करेंगे। श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।