खरगोन। जिले के बलकवाड़ा थाना क्षेत्र की खलटाका पुलिस ने महिला के गले से सोने की चेन और पांचाली लूटकर फरार हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, पांचाली और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 1 लाख 30 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है। चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
चौकी प्रभारी मिथुन चौहान ने बताया कि पानवा निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक पता पूछने के बहाने उसके पास आए। बातचीत के दौरान दोनों आरोपी महिला के गले से सोने की चेन और पांचाली लूटकर फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहित पिता शिवनारायण कुमावत निवासी चौनपुरा, ठीकरी और एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस ने दोनों से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले चंद्रशेखर पिता त्रिलोक चंद कुमावत निवासी अंजड़ को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, पांचाली और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 30 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन में बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान एवं खलटाका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में बलकवाड़ा थाना एवं चौकी पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।