शहडोल। जिले में लगातार हुई भारी बारिश के चलते जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हारी के बरतर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का परिसर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। बारिश का पानी पूरे परिसर में भर जाने से आंगनबाड़ी केंद्र तालाब में तब्दील नजर आ रहा है। ऐसे हालात में भी मासूम बच्चे पानी से भरे परिसर से होकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने को मजबूर हैं।
आंगनबाड़ी परिसर में पानी भरने के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। छोटे-छोटे बच्चों के लिए पानी से भरे परिसर से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। बच्चों का कहना है कि उन्हें डर लगता है कि कहीं पानी में फिसलकर वे गिर न जाएं और उन्हें चोट न लग जाए।
भारी बारिश के बाद आंगनबाड़ी परिसर में लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे बच्चों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिसर से पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए।
मामला सामने आने के बाद अब जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आंगनबाड़ी परिसर का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान मासूम बच्चों को जान जोखिम में डालकर केंद्र तक नहीं पहुंचना पड़े।