गरोठ। श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा के दौरान निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित रहना साठखेड़ा हल्के के पटवारी मनोज मोड़ को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने पटवारी मनोज मोड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा के दौरान साठखेड़ा (गरोठ) हल्के के पटवारी मनोज मोड़ की ड्यूटी निर्धारित की गई थी। उन्हें अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन करना था, लेकिन वे ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने कार्रवाई करते हुए पटवारी मनोज मोड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शासकीय ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है।
एसडीएम की कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही अथवा निर्धारित ड्यूटी से अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लिया जाएगा। प्रशासन ने कर्मचारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने के संकेत दिए हैं।