नीमच। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के नीमच, जावद एवं मनासा विकासखंड में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए गए। सांदीपनि विद्यालय नीमच, जावद एवं मनासा में आयोजित समारोहों में बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों एवं विषय शिक्षकों सहित शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित विषय शिक्षकों का सम्मान किया गया। इसके अलावा 90 से 100 प्रतिशत के बीच परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों, कक्षा 5वीं एवं 8वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा शैक्षणिक क्षेत्र में नवाचार करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
तीनों विकासखंडों में 415 शिक्षक-प्राचार्य सम्मानित-
नीमच, जावद एवं मनासा विकासखंड में आयोजित समारोहों में कुल करीब 415 प्राचार्य एवं शिक्षक सम्मानित हुए। इस दौरान शिक्षकों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में उनके योगदान की सराहना की गई।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी-
जावद में आयोजित समारोह में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नीमच में विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में समारोह हुआ। वहीं मनासा में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव की मौजूदगी में शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न हुआ।
समारोह का उद्देश्य उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले प्राचार्यों एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित करना रहा।