नीमच। शिक्षक दिवस के अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में नीमच जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बिजलवास-बामनिया के माध्यमिक शिक्षक महेंद्र सिंह पंवार को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के लिए बहुआयामी, आनंदमय एवं बाल-केंद्रित शैक्षिक वातावरण विकसित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
पंवार ने शिक्षण को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों को खेल-खेल में, गतिविधियों के माध्यम से और स्वयं करके सीखने के अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने कक्षा में विभिन्न प्रकार की टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) का निर्माण एवं उपयोग कर कठिन विषयों और अवधारणाओं को सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से समझाने के प्रयास किए।
चार्ट, वर्कशीट, मॉडल, विषयवार शिक्षण सामग्री और गतिविधि आधारित उपकरणों के माध्यम से गणित एवं विज्ञान सहित विभिन्न विषयों को क्रियात्मक और अनुभव आधारित बनाया गया। विद्यार्थियों को स्वयं मॉडल तैयार करने, समूह में कार्य करने, प्रश्न पूछने, चर्चा करने तथा प्रयोग एवं गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर दिए गए।
जनसहयोग से विद्यालय विकास को भी बढ़ावा-
विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए पंवार ने ग्राम समुदाय एवं जनसहयोग को विद्यालय से जोड़ने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोग मिला।
महेंद्र सिंह पंवार का यह सम्मान उनके समर्पित एवं नवाचारी शिक्षकीय प्रयासों की पहचान है। साथ ही यह नीमच जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।