नीमच। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन नीमच के संयुक्त तत्वावधान में जावद स्थित सांवलिया सेठ मंदिर परिसर एवं वीरेंद्र कुमार सकलेचा सामुदायिक भवन में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के साथ लोक संस्कृति का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, नयागांव नगर पंचायत अध्यक्ष मुकेश जाट, जावद नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन माली, जनपद पंचायत जावद अध्यक्ष गोपाल चारण, एसडीएम संजीव साहू एवं तहसीलदार बालकृष्ण मकवाना सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का स्वागत किया गया।
लोकधुनों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल-
सांस्कृतिक संध्या में राज्य शिखर सम्मान-2020 से सम्मानित निमाड़ी लोक कलाकार पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं उनकी मंडली ने लोकगीतों और निमाड़ी लोकधुनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद भोपाल की शास्त्रीय गायिका नम्रता कुशवाह ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। लोकधुनों और भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु प्रस्तुतियों पर भाव-विभोर नजर आए।
श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों के विकास की पहल-
आयोजकों के अनुसार जावद क्षेत्र का श्रीमद्भागवत परंपरा से विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। मध्यप्रदेश शासन की ‘श्रीकृष्ण पाथेय योजना’ के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में जावद को भी शामिल किया गया है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोहनी जैन ने किया। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन में सहयोग के लिए अतिथियों, कलाकारों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।