मंदसौर। महावीर इंटरनेशनल रीजन-7 के सेक्रेटरी आयुष जैन और रतलाम-नीमच ज़ोन चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन के विशेष प्रयासों से नगर में संस्था के नवीन केंद्र का गठन किया गया।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, भगवान महावीर के चित्र पर माल्यार्पण एवं संस्था की आधिकारिक प्रार्थना ‘भावना दिन रात मेरी...’ के साथ हुआ। इसके उपरांत नवनियुक्त अध्यक्ष प्रकाश जैन सहित पूरी कार्यकारिणी व सदस्यों को संस्था के प्रति निष्ठा, मर्यादा एवं संविधान के अनुरूप उद्देश्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई तथा नवीन टीम को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर ज़ोन चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन के मार्गदर्शन में तारा संस्थान एवं महावीर इंटरनेशनल पिपलिया मंडी के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘वरिष्ठजन सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के 100 वरिष्ठ नागरिकों को पगड़ी, माल्यार्पण एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नीमच से विशेष अतिथि के रूप में ज़ोन चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन, ज़ोन सेक्रेटरी संतरा विरवाल, महावीर प्रियदर्शिनी की सेक्रेटरी संगीता भामावत एवं वरिष्ठ समाजसेवी जम्बूकुमार जैन (जीटी) उपस्थित रहे। नवीन केंद्र की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट किए गए। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ज़ोन चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन को तारा संस्थान (उदयपुर) की ओर से अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने सहभोज का आनंद लिया।