बड़वानी। जिले के सिलावद में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में निमाड़ रेंज की डीआईजी सिमाला प्रसाद पहुंचीं। डीआईजी ने आमजन और सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनकर शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया।
पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल की मौजूदगी में आयोजित शिविर के दौरान डीआईजी सिमाला प्रसाद ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने सिलावद के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, व्यापारियों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शाम 4 से 6 बजे तक सघन वाहन चेकिंग करने तथा सप्ताह में एक बार इंटरसेप्शन वाहन भेजने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने रक्षा समिति के सदस्यों का सहयोग रात्रि गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था में लेने की बात कही। साथ ही जर्जर पुलिस क्वार्टरों के स्थान पर नए आवासीय परिसर के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। घाट सेक्शन क्षेत्र को थाना सिलावद में शामिल करने संबंधी सुझाव का प्रस्ताव आगे भेजने का भी आश्वासन दिया।
डीआईजी ने बड़वानी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे 3डी मिशन-डीजे, दहेज और दारू के विरुद्ध अभियान के सकारात्मक प्रभावों की भी सराहना की।
इसके बाद डीआईजी ने आईएसओ 9001 प्रमाणित थाना सिलावद का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, आधुनिकीकरण, फरियादियों के लिए सुविधाओं और रिकॉर्ड कीपिंग की सराहना की। निरीक्षण के दौरान अश्रु गैस गन का व्यावहारिक परीक्षण कराया गया। पुलिस जवानों से शस्त्रों के कलपुर्जे खुलवाकर दोबारा जुड़वाए गए, जिसमें जवानों की तत्परता और दक्षता की डीआईजी ने विशेष सराहना की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, एसडीओपी राजपुर बी.एल. आटोदे, डीएसपी चेतनसिंह बघेल, रक्षित निरीक्षक गजेन्द्रसिंह निंगवाल, थाना प्रभारी सिलावद आर.के. लवंशी सहित जनप्रतिनिधि, व्यापारी, ग्रामीणजन और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।