दतिया। दतिया जिले में बारिश ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। पिछले 24 घंटे में दतिया में 127 मिमी (करीब 5 इंच) बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं कई सड़कें पानी में डूब गई हैं।
बारिश का असर जिले के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिला। सेवढ़ा में 57 मिमी, इंदरगढ़ में 72 मिमी और भांडेर में 59 मिमी बारिश दर्ज की गई। उनाव क्षेत्र में भी अच्छी बारिश होने से नदी-नालों और निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ गया है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों को अनावश्यक रूप से जोखिम वाले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद ने बताया कि अभी तक हुई बारिश से जिले में किसी विशेष खतरे की स्थिति नहीं है। हालांकि, लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को एहतियात बरतनी चाहिए और नदी-नालों के आसपास जाने से बचना चाहिए। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।