शाजापुर। जिले के अकोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम बोलाई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में काम करने वाली एक महिला ने मंदिर के पुजारी पर डरा-धमकाकर शारीरिक संबंध बनाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह करीब तीन साल पहले मंदिर में खाना बनाने और अन्य कार्यों के लिए आई थी। करीब छह महीने बाद जब वह बीमार हुई, तो जुलाई 2024 में आरोपी नारायण गिरी ने इलाज का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार उसकी मर्जी के बिना शारीरिक शोषण करता रहा। यह सिलसिला मार्च 2026 तक जारी रहा।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण वह काफी समय तक डर के साए में रही और किसी से जिक्र नहीं कर सकी। आखिरकार, उसने ग्रामीणों को आपबीती सुनाई और थाने पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर दुष्कर्म और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय हिंदू संगठन ने अकोदिया थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपी संत का चोला पहनकर मंदिर परिसर में रह रहा है और उसकी ऐसी गतिविधियों से मंदिर की गरिमा व हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंची है। संगठन ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।