नीमच। कांग्रेस सेवादल द्वारा संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रविवार को गांधी भवन में बैठक आयोजित की गई। जिला प्रभारी एवं प्रदेश सचिव मांगीलाल भाटी की मौजूदगी में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
जिला सेवादल अध्यक्ष गजेन्द्र यादव ने बताया कि मनीष बैरागी को यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष, शाहरुख चौधरी को उपाध्यक्ष तथा बी.पी. सिंह को ब्लॉक पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में इसी माह प्रस्तावित तिरंगा यात्रा की तैयारियां प्रमुख रूप से चर्चा का विषय रहीं। यात्रा में राष्ट्रीय नेता को आमंत्रित करने सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर मांगीलाल भाटी ने कहा कि सेवादल को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नीमच में संगठन लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है और आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा।