कुकड़ेश्वर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मनासा तहसील के ग्राम आंत्री स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य युवराज चंदेल को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारों के लिए जिला स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह सांदीपनि विद्यालय, मनासा में आयोजित हुआ, जहां विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी की उपस्थिति में उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
प्राचार्य युवराज चंदेल द्वारा विद्यालय में नियमित शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके प्रयासों से विद्यालय में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं। पूर्व संकुल के अंतर्गत सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों का विद्यालय में सम्मान करना भी उनकी उल्लेखनीय पहल में शामिल है।
विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राहुल गुर्जर एवं पूनम राठौर के पालकों से ध्वजारोहण करवाने की अनूठी पहल भी प्राचार्य द्वारा शुरू की गई। इस नवाचार की क्षेत्र में सराहना हुई।
इसी क्रम में पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 16 छात्राओं तथा अपने-अपने विषय में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले 5 विषय शिक्षकों को चांदी का सिक्का एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय का गत वर्ष का परीक्षा परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा। यह विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की मेहनत तथा प्राचार्य के कुशल मार्गदर्शन को दर्शाता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ विभिन्न गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय में लगातार नए प्रयोग किए जा रहे हैं।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्राचार्य युवराज चंदेल को जिला स्तरीय सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।