नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच का विशेष सम्मेलन सोमवार, 7 सितंबर को प्रातः 11.30 बजे बंगला नंबर 60 स्थित पुरानी नगर पालिका के परिषद हाल में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में शहर में एक आवासीय एवं एक व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने, प्रमुख सड़कों के डामरीकरण एवं सीसी रोड निर्माण सहित सीआरपी रोड को विद्युत तारों से मुक्त कर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने समेत करोड़ों रुपए के विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने बताया कि जमीनों की बढ़ती कीमतों के कारण शहर में लंबे समय से नगर पालिका के माध्यम से आवासीय कॉलोनी विकसित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नागरिकों की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विशेष सम्मेलन में बगीचा नंबर 4 एवं 5 के पास खेत क्रमांक 11/39 पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने तथा चमड़ा कारखाने के सामने स्थित 1/ए की रिक्त भूमि पर व्यावसायिक कॉलोनी विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के एजेंडे में सीआरपी रोड पर पटेल चौराहा से विजय टॉकीज चौराहा तक अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने का प्रस्ताव भी शामिल है। इससे मार्ग विद्युत तारों से मुक्त होकर अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित हो सकेगा।
चोपड़ा के अनुसार, इन प्रस्तावों के अलावा शहर की प्रमुख सड़कों पर डामरीकरण एवं सीसी रोड निर्माण, सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने, जाजू सागर बांध पिकनिक स्पॉट एवं पाल पर सीसी रोड व रैंप निर्माण, सेंट्रल स्कूल के पीछे नगर वन विकसित करने, टाउन हॉल के जीर्णाेद्धार, नपा कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास में फायर सेफ्टी सिस्टम लगाने सहित करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल किए गए हैं।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि 7 सितंबर को होने वाला विशेष सम्मेलन शहर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। एजेंडे में शामिल प्रस्तावों पर निर्णय होने के बाद नीमच शहर में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने के साथ नागरिकों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।