शाजापुर। सागर जिले में सामने आए जहरीली शराब कांड को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आक्रोश जताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने घटना की निंदा करते हुए प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आमजन के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
पुतला दहन और चक्काजाम की चेतावनी-
पार्टी ने मामले के विरोध में आगामी दिनों में आंदोलन करने का ऐलान किया है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार आंदोलन के तहत संबंधित मंत्रियों और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा तथा चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि जब तक मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल-
शाजापुर जिला अध्यक्ष राजेश गोयल ने स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जिले में अवैध शराब और नियमों के विपरीत संचालित गतिविधियों को लेकर कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
गोयल ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य और जीवन से खिलवाड़ करने वाले कथित शराब माफियाओं तथा लापरवाह ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पार्टी जल्द जिलेभर में प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश और जिला स्तर पर बैठे अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने के लिए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।