उज्जैन। दूध के सरकारी भाव को लेकर उज्जैन जिले के किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। महिदपुर तहसील सहित महिदपुर, नागदा, उन्हेल, खाचरौद और माकड़ोन क्षेत्र के दूध उत्पादक किसानों ने दूध के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। रविवार रात आयोजित किसानों की बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में किसान उज्जैन कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।
किसानों की मांग है कि दूध का सरकारी भाव 8.40 रुपए से बढ़ाकर 12 रुपए प्रति फैट किया जाए। किसानों का कहना है कि पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन दूध का मौजूदा भाव उनकी लागत के अनुरूप नहीं है। ऐसे में पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पशु आहार और दवाइयों की बढ़ी कीमतें
किसानों ने बताया कि खल, तेल, पशु आहार, दवाइयों के साथ-साथ दुधारू पशुओं की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। बढ़ती महंगाई के बीच दूध का उचित मूल्य नहीं मिलने से पशुपालन करना मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने सरकार से दूध के सरकारी भाव में तत्काल बढ़ोतरी की मांग की है।
मांग पूरी नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन
महासभा से जुड़े भगवान सिंह ने बताया कि किसानों में सरकार के मौजूदा दूध भाव को लेकर काफी नाराजगी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि 10 सितंबर को ज्ञापन सौंपने के बाद भी यदि उनकी मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।