जावरा। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जावरा जनपद पंचायत सदस्य प्रिया कुंवर सिसोदिया को भाजपा जिला कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया है।
उनकी इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
पोस्टर में लिखा गया है - आपकी यह नई जिम्मेदारी संगठन को नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती प्रदान करे, इसी मंगलकामना के साथ आपके उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।
प्रिया कुंवर सिसोदिया वर्तमान में जनपद पंचायत जावरा की सदस्य हैं और जिला रतलाम में एक सक्रिय युवा महिला जनप्रतिनिधि के रूप में पहचानी जाती हैं। संगठन में लगातार सक्रियता और जमीनी पकड़ के चलते पार्टी ने उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है।
भाजपा जिला कार्यसमिति जिले की सबसे महत्वपूर्ण इकाई होती है, जो जिले की संगठनात्मक रणनीति, कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में एक युवा महिला जनपद सदस्य को इस समिति में स्थान मिलना पार्टी के महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की नीति का हिस्सा माना जा रहा है।