आरनी। आरनी के चारभुजा मंदिर चौक में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व को श्रद्धा और उल्लास के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर चारभुजा मंदिर सहित पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी एवं विभिन्न सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे मंदिर परिसर की सुंदरता देखते ही बनी।
कार्यक्रम के तहत रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर ग्रामीणों ने जमकर नृत्य किया और पूरा मंदिर चौक भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मटकी फोड़ कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर चारभुजा नाथ मंदिर, नरसिंह भगवान मंदिर एवं जगदीश भगवान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं को पंजेरी सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद का वितरण किया गया।
चारभुजा नाथ मंदिर में पुजारी नारायण पाराशर, नरसिंह भगवान मंदिर में महंत श्यामदास जी महाराज एवं दिनेश वैष्णव द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। जन्माष्टमी पर्व पर आरनी में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा और ग्रामीणों ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया।