नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अस्पताल प्रबंधन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन्म एवं मृत्यु पंजीयन इकाई का अवलोकन करते हुए 1 अप्रैल 2026 के बाद जन्मे बच्चों की संख्या तथा जारी किए गए जन्म प्रमाण-पत्रों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मातृ एवं शिशु इकाई में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए तैनात सुरक्षा गार्डों को पूरी दक्षता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शारीरिक रूप से कमजोर अथवा कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा गार्डों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में सफाई सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया कि वार्डों में सामान्य कचरा एकत्रित न होने दिया जाए। सभी वार्डों से निकलने वाले सामान्य कचरे को निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मरीजों के परिजनों एवं सहायकों द्वारा गैलरी में भोजन करने के बजाय निर्धारित प्रतीक्षालय/वेटिंग एरिया का उपयोग करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मातृ एवं शिशु इकाई में रंगाई-पुताई का कार्य भी शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था करने तथा ओपीडी एवं आईपीडी पंजीयन इकाई के बाहर शेड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
दंत चिकित्सा इकाई के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की ओपीडी पंजी का अवलोकन किया गया। इस दौरान सभी दंत चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. महेन्द्र पाटिल, आरएमओ डॉ. मनीष यादव एवं सहायक प्रबंधक (अस्पताल प्रशासन) डॉ. जन्मेजय शाक्य उपस्थित रहे।