सेंगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त प्राप्त करने के बाद भी मकान निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों पर अब प्रशासन सख्ती करने की तैयारी में है। पहली किस्त मिलने के 45 दिन बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों की स्वीकृति निरस्त कर नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी।
सेंगांव जनपद में ऐसे 203 हितग्राही चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में पहली किस्त प्राप्त कर ली, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। ग्राम पंचायत एवं जनपद स्तर से दो-तीन बार नोटिस दिए जाने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं करने पर अब इन हितग्राहियों की सूची जिला प्रशासन को कार्रवाई के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
20 पंचायतें रडार पर-
आवास पूर्णता की दृष्टि से कम प्रगति वाली 20 पंचायतों में आंचलवाड़ी, बनिहार, चिचगढ़, डालकी, देवली, दोमवाड़ा, गोलवाड़ी, जोजलवाड़ी, केलि, खामखेड़ा, लेहकू, महूगांव, पनवाड़ा, शरदपुरा, सांगवी, सतावड़, सेंगांव, श्रीखंडी, तलकपुरा और उपड़ी शामिल हैं।
ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गणेश कानुगो ने बताया कि जनपद सीईओ, एडीईओ एवं उपयंत्रियों द्वारा आवास निर्माण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
जनपद सीईओ सुश्री अल्फिया खान ने कहा कि आवास योजना की राशि मकान निर्माण के लिए दी गई है। राशि का दुरुपयोग करने वाले हितग्राहियों से नियमानुसार वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
39 हितग्राहियों की पहली किस्त अटकी-
वहीं वर्ष 2024-25 के 18 और 2025-26 के 21 हितग्राहियों की पहली किस्त बैंक खाते से आधार लिंक नहीं होने तथा DBT/NPCI मैपिंग सक्रिय नहीं होने के कारण अटकी हुई है।
योजना की स्थिति एक नजर में
कुल स्वीकृत आवास: 9,599
पूर्ण आवास: 8,728
अपूर्ण आवास: 871
वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत: 2,043
इनमें पूर्ण: 1,370
शेष: 673