मंदसौर। जवाहरलाल नेहरू विधि महाविद्यालय में सोमवार को फीस वृद्धि के विरोध में छात्रों ने प्रदर्शन किया। द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की फीस 13 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए किए जाने के विरोध में छात्रों ने पहले कॉलेज गेट पर धरना दिया। काफी देर तक कोई जिम्मेदार अधिकारी बातचीत के लिए नहीं पहुंचा तो छात्रों ने कॉलेज के बाहर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बढ़ी हुई फीस कम करने की मांग को लेकर कॉलेज प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। चक्काजाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की।
छात्रों का कहना है कि वर्ष 2024-25 में प्रवेश के समय करीब 13 हजार रुपए फीस बताई गई थी, लेकिन शैक्षणिक सत्र 2026-27 में फीस बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी गई है। छात्रों के अनुसार फीस में इतनी बढ़ोतरी से मध्यमवर्गीय एवं किसान परिवारों के विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने फीस वृद्धि वापस लेने, राहत देने अथवा किस्तों में फीस जमा कराने की व्यवस्था करने की मांग की।
छात्रों ने बताया कि फीस वृद्धि के विरोध में 7 अगस्त को NSUI तथा 21 अगस्त को भी प्रदर्शन किया गया था। वहीं 17 अगस्त को कलेक्टर को आवेदन देकर मांग की गई थी कि वर्तमान विद्यार्थियों पर फीस वृद्धि लागू नहीं की जाए और बढ़ी हुई फीस नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों पर लागू हो।
प्राचार्य बोले- फीस बढ़ाई नहीं, पुरानी फीस रिस्टोर की
लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद पाटीदार ने बताया कि फीस बढ़ाई नहीं गई है, बल्कि वर्ष 2019-20 में निर्धारित 25 हजार रुपए की फीस को पुनः लागू किया गया है। उनके अनुसार बाद में फीस रेगुलेटरी कमेटी (FRC) के स्तर पर फीस कम की गई थी। अब पूर्व निर्धारित फीस को दोबारा रिस्टोर किया गया है।
उन्होंने बताया कि छात्रों के पूर्व प्रदर्शन के बाद FRC की बैठक हुई थी, जिसमें विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए फीस दो किस्तों में जमा कराने का निर्णय लिया गया है। फीस कम करने के संबंध में उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन शासन के निर्णय के विपरीत फैसला नहीं ले सकता।
फिलहाल फीस कम करने की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। चक्काजाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया।