चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर के साथ बैठक की। बैठक में महिला सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशा मुक्ति एवं साइबर अपराधों से बचाव को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस के जन-जागरूकता अभियानों के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर की भूमिका पर चर्चा की गई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया आमजन तक जागरूकता संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। इनफ्लुएंसर अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से महिला एवं बालिका सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नशे के दुष्परिणाम और साइबर ठगी से बचाव संबंधी संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकते हैं।
बैठक में साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया।
एसपी ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने तथा समाजहित से जुड़े जागरूकता संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा, साइबर थाना प्रभारी डीवाईएसपी रविंद्र प्रताप सिंह, पुलिस निरीक्षक सुमन कुमार, महिला थाना अधिकारी रेणु खोइवाल, सोशल मीडिया सेल के एएसआई सत्यनारायण, महिला कांस्टेबल कांता सहित जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर उपस्थित रहे।