शाजापुर। जिले की सुजालपुर तहसील के ग्राम मितेरा स्थित गरिमा एजुकेशन एकेडमी में स्कूल शिक्षा दिवस बड़े ही हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य और शिक्षा के महत्व पर आधारित नाटक सहित विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में उन्नति का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। रंगारंग प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों के उत्साह से विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा।