बालाघाट। जिले में 29 बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में सोमवार दोपहर 3.30 बजे खरगोन में आदिवासी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दिनेश मुकाती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार, स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम एक पत्र सौंपा गया। इसमें मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृत बच्चों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की सहायता देने की मांग की गई।
पत्र में प्रभावित परिवारों को तुरंत भरण-पोषण की सुविधा देने की मांग भी शामिल थी। साथ ही, मध्यप्रदेश के आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करने को भी कहा गया।
जिलाध्यक्ष मुकाती ने कहा कि गरीब, मजदूर और आदिवासी वर्ग छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ कागजों और विज्ञापनों में स्वास्थ्य सुविधाएं देने का दावा करती है, जबकि हकीकत कुछ और है।
इस प्रदर्शन में महेंद्र चौहान, पांडू डावर, कमल खतवासे, गोपाल किराड़े, खेलतीराम बड़ोले, कपिल पंवार और पंकज पवार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।