चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अफीम डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त राहुल सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी निम्बाहेड़ा शिवप्रकाश के निर्देशन में थानाधिकारी प्रवीण टांक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम में कांस्टेबल रणजीत, जगदीश एवं हेमंत शामिल रहे।
30 अगस्त 2024 को हुई थी बड़ी कार्रवाई-
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2024 को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक टेंपो की तलाशी लेकर उसमें से 3 क्विंटल से अधिक अफीम डोडाचूरा जब्त किया था। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि जब्त किया गया अवैध अफीम डोडाचूरा राहुल सिंह से खरीदकर लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने राहुल सिंह की तलाश शुरू की, लेकिन वह अपने घर पर नहीं मिला और फरार चल रहा था।
पुलिस ने डिटेन कर किया गिरफ्तार-
पुलिस टीम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए राहुल सिंह को डिटेन किया। इसके बाद नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से अवैध अफीम डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल सिंह पुत्र मांगू सिंह, जाति सोंधिया राजपूत, उम्र 29 वर्ष, निवासी भागी पिपलिया, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
छोटी सादड़ी के एनडीपीएस मामले में भी वांछित-
पुलिस के अनुसार राहुल सिंह प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य प्रकरण में भी वांछित चल रहा है। पुलिस अब दोनों मामलों के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है।