छतरपुर। शहर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय नंबर-1 के खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के दस संभागों से करीब 300 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रायकवार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान आयोजक मंडल की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. रायकवार ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 7 सितंबर से 11 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रदेश के दस संभागों से खिलाड़ी छतरपुर पहुंचे हैं। बाहर से आए प्रतिभागियों के लिए आयोजक मंडल द्वारा रहने और भोजन की बेहतर व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मैदान पर खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देना और उन्हें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है।