नीमच। शहर की अंबेडकर कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगरपालिका की टीम को मंगलवार को मौके पर विवाद की स्थिति बनने के बाद बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा। कार्रवाई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके चलते कुछ देर तक मौके पर कहासुनी होती रही।
एक पक्ष ने रास्ता बाधित करने का लगाया आरोप-
यादव समाज अध्यक्ष मनीष गोयल ने आरोप लगाया कि नारायणगिरी बाबा की भूमि पर पक्का निर्माण कर मुख्य रास्ते को बाधित किया जा रहा है। उन्होंने नगरपालिका से अतिक्रमण हटाकर रास्ता सुचारु कराने की मांग की। उनका कहना है कि संबंधित भूमि नगरपालिका की है और यहां बाउंड्रीवॉल तथा मुख्य द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव है।
दूसरे पक्ष ने एकतरफा कार्रवाई का किया विरोध-
वहीं, मौके पर मौजूद अजेश जाट ने नगरपालिका की कार्रवाई पर आपत्ति नहीं होने की बात कही, लेकिन एकपक्षीय कार्रवाई का विरोध किया। उनका कहना था कि क्षेत्र में जहां-जहां अतिक्रमण की शिकायतें हैं, वहां सभी मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अपने कब्जे से संबंधित पुराने दस्तावेज और शिकायतों के साक्ष्य उपलब्ध होने का दावा भी किया।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई-
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने और विवाद की स्थिति बनने के बाद नगरपालिका का अमला बिना कार्रवाई किए लौट गया। अब मामले में संबंधित दस्तावेजों और मौके की वास्तविक स्थिति की जांच के बाद नगरपालिका द्वारा आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।