माउंट आबू। निर्मला उच्च माध्यमिक विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को लेकर ग्रामीण और शहरी बच्चों ने एक अनोखी पहल की है। ईको सेंसिटिव जोन माउंट आबू को प्लास्टिक और कचरे से बचाने के लिए छात्रों ने वेस्ट मटेरियल से विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इस भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन सालगांव की ग्रामीण महिला वार्ड पंच जमना कुंवर ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस आयोजन के जरिए आम जनता और किसानों को वेस्ट मटेरियल के सही उपयोग और स्वच्छता का एक बेहतरीन संदेश दिया गया।
माउंट आबू जो कि एक प्रसिद्ध ईको सेंसिटिव जोन है, वहां पर्यावरण की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी चुनौती से निपटने और लोगों को जागरूक करने के लिए निर्मल उच्च माध्यमिक विद्यालय के गरीब ग्रामीण और शहरी बच्चों ने हाथ मिलाया है। छात्रों ने विज्ञान प्रदर्शनी और वेस्ट मटेरियल सदुपयोग कार्यक्रम के तहत अपनी कला का प्रदर्शन किया। यह इतना शानदार था कि सभी लोग एकाग्र होकर देखते रहें।
प्रदर्शनी में प्लास्टिक, पुराना अखबार और अन्य बेकार पड़े सामानों का इस्तेमाल करके शानदार मॉडल तैयार किए गए। बच्चों ने वेस्ट मटेरियल से लाल किला, अमर ज्योति और अशोक स्तंभ बनाकर न केवल पर्यावरण सुरक्षा की बात की, बल्कि सभी में राष्ट्रीय भावना का संचार भी किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह सिखाना था कि जीवन में किसी भी वस्तु को दोबारा उपयोग में कैसे लाया जा सकता है।
इस खास आयोजन में ग्रामीणों को जोड़ने और पर्यावरण संदेश को दूर-दूर तक पहुंचाने के लिए सालगांव की महिला वार्ड पंच जमना कुंवर को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीण और शहरी गणमान्य लोगों ने बच्चों की इस सोच की सराहना की। इस पहल के जरिए खेती-किसानी से लेकर प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन और स्वच्छता बनाए रखने का एक सशक्त संदेश पूरे देश को दिया गया।