नीमच। जमीन विवाद के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को कंजार्डा निवासी हीरालाल मालवीय ने नीमच कलेक्टर कार्यालय परिसर में अपने शरीर पर डीजल डाल लिया। घटना से कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीएम पराग जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
लंबे समय से जमीन विवाद का निराकरण नहीं होने का दावा-
हीरालाल मालवीय का कहना है कि कंजार्डा में उसकी जमीन से जुड़ा विवाद लंबे समय से लंबित है। समस्या के निराकरण के लिए वह कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत एवं आवेदन प्रस्तुत कर चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया। बताया गया कि इससे पहले भी हीरालाल द्वारा इसी तरह आत्मदाह का प्रयास किया जा चुका है।
प्रशासन ने बताया- तीन स्तरीय जांच के आदेश
मामले में प्रशासन का कहना है कि जमीन विवाद की जांच के लिए पूर्व में ही तीन स्तरीय जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। संबंधित प्रकरण में न्यायालयीन प्रक्रिया भी चल रही है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हीरालाल को समझाइश दी और स्थिति को संभाला।
प्रशासन द्वारा मामले में चल रही जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।