खरगोन। ग्राम पंचायत बैजापुरा के लालकुई फाल्या स्थित प्राथमिक शाला भवन की छत, दीवार और खिड़की-दरवाजे जर्जर हालत में गिर गए। घटना के समय स्कूल में कक्षा 1 से 5वीं तक के करीब 40 से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल भवन की मरम्मत के लिए करीब दो वर्ष से ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत को आवेदन देकर अवगत कराया जा रहा था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। भवन की स्थिति को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
वर्तमान में बच्चों को सामुदायिक भवन में एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे जगह कम होने के कारण पढ़ाई में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मंगलवार को 7जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत अथवा नया स्कूल भवन बनाने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।