खरगोन। जिले के बिस्टान थाना क्षेत्र में अवैध हथियार तस्करी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम सिगनूर में नहर किनारे छिपाकर रखी गई 10 अवैध देशी पिस्टल बरामद की हैं। बरामद हथियारों की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले औजार और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2025 को बिस्टान थाना क्षेत्र में अवैध हथियार तस्करी के मामले की जांच के दौरान ग्राम सिगनूर निवासी 47 वर्षीय रमेश पिता उत्तमसिंह सिकलीगर को आरोपी बनाया गया था। इसी मामले में बिस्टान पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर निवासी जालमचंद और जोधपुर निवासी रामसिंग को 2 देशी पिस्टल और 4 देशी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान रमेश सिकलीगर फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध देशी पिस्टल बनाने के साथ उनकी सप्लाई भी करता था और गिरफ्तारी के बाद से लगातार फरार चल रहा था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि रमेश सिकलीगर सिगनूर गांव में घूम रहा है। सूचना के आधार पर एसपी डॉ. रवीन्द्र वर्मा के निर्देश पर भीकनगांव एसडीओपी केतन अडलक के नेतृत्व में बिस्टान, भीकनगांव, गोगावां और सनावद थाने की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सिगनूर गांव में नहर किनारे अवैध हथियार छिपाकर रखे हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 10 देशी पिस्टल बरामद कीं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, सांड़सी, चार कानस, पेचकस, दो हथौड़ी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रमेश सिकलीगर के खिलाफ मध्यप्रदेश के अलग-अलग थानों में आर्म्स एक्ट के 11 मामले दर्ज हैं। इनमें खरगोन, विदिशा और खंडवा के मामले शामिल हैं। जीआरपी खंडवा के वर्ष 2021 के मामले तथा एसटीएफ इंदौर के वर्ष 2026 के मामले में भी उसके लंबे समय से फरार रहने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य फोकस अवैध हथियारों के निर्माण, उनकी सप्लाई और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है।