नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला खनिज अधिकारी जगन सिंह भिड़े के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने 3 एवं 7 सितंबर को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 21 डंपर एवं 4 ट्रैक्टर जब्त किए।
ग्वालटोली क्षेत्र में 16 डंपर और 3 ट्रैक्टर जब्त-
3 सितंबर को खनिज विभाग की टीम ने ग्वालटोली क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान कृष्णा टोल कांटे के सामने ईंट भट्टों के पास से 8 डंपर रेत, पाटीदार छात्रावास के पीछे से 3 डंपर, गाय चौराहा ग्वालटोली से 2 डंपर तथा गाय चौराहा के पीछे स्कीम नंबर-34 क्षेत्र से 3 डंपर रेत जब्त की गई। इसके अलावा रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टर भी जब्त किए गए।
गिरदौड़ा में अवैध रेत भंडारण पर कार्रवाई-
इसी प्रकार 7 सितंबर को ग्राम गिरदौड़ा में सड़क किनारे अवैध रूप से रेत का भंडारण पाए जाने पर खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई की। यहां से 5 डंपर एवं 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। विभाग के अनुसार मौके से रेत से भरा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया। इस प्रकार दोनों दिनों में की गई कार्रवाई में कुल 21 डंपर एवं 4 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। जब्त वाहनों को कलेक्टर कार्यालय परिसर में रखवाया गया है।
कार्रवाई लगातार जारी रहेगी-
जिला खनिज अधिकारी जगन सिंह भिड़े ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग द्वारा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।