रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप नंबर से लोगों को संदेश भेजने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि $639615402077 नंबर कलेक्टर का अधिकृत मोबाइल नंबर नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों और जिले के अधिकारियों-कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है।
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने अपील करते हुए कहा कि यदि उनके नाम, फोटो या पद का उपयोग करते हुए उक्त नंबर अथवा किसी अन्य अनधिकृत नंबर से कोई संदेश प्राप्त होता है, तो उस पर विश्वास न करें। ऐसे संदेशों के जरिए पैसों की मांग कर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका हो सकती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि $639615402077 नंबर उनका अधिकृत नंबर नहीं है। इस नंबर से आने वाले किसी भी संदेश, कॉल या पैसों की मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दें और न ही बैंक खाते, यूपीआई या किसी अन्य माध्यम से राशि का भुगतान करें।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि अनजान नंबर से आने वाले संदेशों की सत्यता की पुष्टि किए बिना कोई व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। साथ ही ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, साइबर अपराधी अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नाम व फोटो का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध संदेश या कॉल को लेकर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।