खरगोन। जिले के भिकनगांव क्षेत्र के ग्राम मालपुरा फाल्या और पंचायत भगवानपुरा के ग्रामीणों ने मालपुरा से भगवानपुरा तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने मार्ग की शीघ्र मरम्मत एवं डामरीकरण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क लंबे समय से उबड़-खाबड़ है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी मार्ग से गुजरना परेशानी भरा है, जबकि बारिश में मालपुरा से भगवानपुरा तक पहुंचने में करीब एक घंटे तक का समय लग जाता है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों के मुताबिक खराब सड़क के कारण एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। बारिश के दौरान मार्ग पर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर पूर्व में जनपद पंचायत सीईओ, भिकनगांव को भी आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर समस्या के निराकरण में लापरवाही का आरोप भी लगाया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभाग को निर्देश देकर मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की आवश्यक मरम्मत के साथ डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।