उज्जैन। मां शिप्रा की संध्याकालीन आरती को लेकर देशभर के प्रमुख तीर्थों से तीर्थ पुरोहित उज्जैन पहुंच रहे हैं। शासन द्वारा रामघाट पर महाकाल मंदिर समिति के जरिए शिप्रा आरती कराए जाने के विरोध में बुधवार को शगुन गार्डन में धर्मसभा आयोजित होगी।
श्री क्षेत्र पंडा समिति के अध्यक्ष पंडित राजेश त्रिवेदी और पंडित अमर डिब्बेवाला ने बताया कि शासन द्वारा परंपरा में हस्तक्षेप किया जा रहा है। उनका आरोप है कि महाकाल मंदिर में विद्या अध्ययनरत बटुकों से आरती कराई जा रही है और टेंडर के जरिए आरती कराने से इसका व्यवसायीकरण हो रहा है।
देशभर से पुरोहित पहुंचे
धर्मसभा में शामिल होने के लिए देश के प्रमुख तीर्थों से तीर्थ पुरोहित उज्जैन पहुंचना शुरू हो गए हैं। इनमें अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पंडित रामकृष्ण तिवारी (इलाहाबाद), पंडित नवीन नगर (मथुरा), प्रयागराज कुंभ मेले के शासन द्वारा मनोनीत सदस्य पंडित मधु चकाहा, पंडित अमित राज पुरोहित (प्रयागराज), पंडित अनुज मिश्रा (बिठूर), पंडित श्रीकांत वशिष्ठ (हरिद्वार), पंडित हेरंभ शिकरे (नासिक-त्र्यंबकेश्वर), पंडित नुनु भाई मिश्रा (बैजनाथ धाम), पंडित अरविंद मुरलीधर (रामेश्वरम) और पंडित नंदकुमार मिश्रा (अयोध्या) शामिल हैं।
9ः30 बजे शिप्रा पूजन
बुधवार सुबह 9ः30 बजे मां शिप्रा का पूजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे महासभा की कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें शिप्रा आरती की व्यवस्था को लेकर चर्चा की जाएगी।