नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित क्राउन सिटी में लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या अब दूर होने जा रही है। करीब 17 लाख रुपए की लागत से 140 मीटर लंबी और 4.5 मीटर चौड़ी सीसी रोड का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बारिश में कीचड़ और आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत-
सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को बारिश के दौरान होने वाली कीचड़ और आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। रहवासियों ने सड़क निर्माण के लिए नगर पालिका के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला से स्वागत भी किया गया।
सड़क के साथ नाली का भी निर्माण-
निर्माण कार्य के तहत सड़क के साथ नाली का निर्माण भी किया जा रहा है। इससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने और जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक बेहतर और टिकाऊ सुविधा मिल सके।
जनता के धन का हो सदुपयोग-
नपाध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि जनता के धन का सदुपयोग करते हुए टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। क्राउन सिटी में सड़क एवं नाली निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद दुर्गाशंकर भील, राकेश किलोरिया, हरगोविंद दीवान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।