खरगोन। जिले के कसरावद-मंडलेश्वर मार्ग इन दिनों जगह-जगह गड्ढों के कारण बदहाल हो गया है। सड़क की खराब स्थिति से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। रात के समय परेशानी और बढ़ जाती है।
मंडलेश्वर से कसरावद आने वाले मार्ग के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक प्रभावी मरम्मत नहीं कराई गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, इसके बावजूद इसकी बदहाली पर जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
अधिकारी ने नहीं उठाया फोन
सड़क की स्थिति को लेकर जब MPRDC के जिम्मेदार अधिकारी से उनका पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क किया गया, तो अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। पत्रकार साथी काफी समय तक फोन उठने और वापस कॉल आने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क का निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए।