शिवपुरी। शिवपुरी कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में मायापुर से पहुंचे अतिथि शिक्षक रूपसिंह जाटव ने कलेक्टर के समक्ष आवेदन देकर नियुक्ति में अनियमितता का आरोप लगाया और न्याय की गुहार लगाई।
आवेदक ने बताया कि वह एकीकृत शाला उ.मा.वि. मायापुर में अतिथि शिक्षक वर्ग-3 प्रयोगशाला सहायक के पद पर वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में लगातार कार्यरत रहे हैं। उनके अनुसार शाला के पैनल में भी उनका नाम दर्ज है। इसके बावजूद उन्हें दोबारा नियुक्ति नहीं दी गई और उनके स्थान पर प्रसन्न लोधी को नियुक्त कर दिया गया।
रूपसिंह जाटव ने आरोप लगाया कि संकुल प्रभारी द्वारा पैनल सूची की अनदेखी कर मनमाने तरीके से अपने परिचितों एवं रिश्तेदारों को अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कई विद्यालयों में ऑफलाइन नियुक्तियां किए जाने की शिकायत भी की है।
आवेदक के अनुसार, प्रसन्न लोधी 14 अक्टूबर 2025 से विद्यालय नहीं आ रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें पद से नहीं हटाया गया। इसे लेकर उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अतिथि शिक्षक ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर उन्हें नियमानुसार संबंधित पद पर पुनः नियुक्ति दिलाई जाए तथा यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।