मंदसौर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर पहुंचकर बंडा क्षेत्र में अवैध शराब के सेवन से प्रभावित मरीजों से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ पुलिस एवं प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
शराब दुकानों की जांच और नेटवर्क की होगी गहन पड़ताल-
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जिले की सभी शराब दुकानों की जांच की जाए। दुकानों के स्टॉक की नियमित निगरानी के साथ ही अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूरे प्रकरण में कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
आईसीयू और क्रिटिकल केयर वार्ड में मरीजों से मिले-
उप मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के आईसीयू एवं क्रिटिकल केयर वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उपचार की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना तथा उनके परिजनों से भी चर्चा की।
देवड़ा ने परिजनों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम 24 घंटे उपलब्ध रहे। दवाओं, चिकित्सा उपकरणों एवं अन्य संसाधनों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकांश मरीजों की स्थिति स्थिर-
उप मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब से प्रभावित मरीजों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। एक गंभीर मरीज को उपचार के लिए भोपाल एम्स भेजा गया है, जबकि अधिकांश उपचाररत मरीजों की स्थिति अब स्थिर बताई गई है।
30 आरोपियों पर कार्रवाई, 13 गिरफ्तार-
अधिकारियों ने बताया कि थाना बंडा में भारतीय न्याय संहिता एवं मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के विभिन्न प्रावधानों के तहत 30 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इनमें से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।