रतलाम। तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ रतलाम ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 108 साइलेंसरों को बुलडोजर चलाकर नष्ट कराया। कार्रवाई मंगलवार दोपहर दो बत्ती चौपाटी क्षेत्र में की गई। इस दौरान साइलेंसरों को सड़क पर लाइन से रखा गया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
शहर में कई बुलेट चालक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और पटाखे जैसी आवाज के साथ वाहन चलाते पाए जा रहे थे। इसे लेकर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग चौराहों पर बुलेट चालकों को रोककर वाहनों की जांच की गई। मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर वाहनों को गैरेज ले जाकर साइलेंसर निकलवाए गए और चालानी कार्रवाई भी की गई।
हरी झंडी दिखाकर शुरू हुई कार्रवाई
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दो बत्ती चौपाटी क्षेत्र में 108 मॉडिफाइड साइलेंसर सड़क पर रखे गए। सिटी एएसपी राकेश पंद्रों और ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी ने बुलडोजर को हरी झंडी दिखाकर कार्रवाई की शुरुआत कराई। इसके बाद एक-एक कर सभी साइलेंसरों को बुलडोजर से कुचलकर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी हेमंत पाटीदार सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मानक साइलेंसर लगाने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि वाहनों में अनधिकृत मॉडिफिकेशन कराने से बचें, क्योंकि इससे सड़क पर अनावश्यक शोर और आम लोगों को परेशानी होती है।
ट्रैफिक थाना प्रभारी हेमंत पाटीदार ने बताया कि पटाखेदार साइलेंसर लगाकर सड़क पर शोर करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।