उज्जैन। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले पर कांग्रेस ने मंगलवार शाम करीब 5 बजे उज्जैन में प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी की अगुवाई में कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस दफ्तर के बाहर क्षीरसागर चौराहे पर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला जलाया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आबकारी व्यवस्था पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार की गलत नीतियों और व्यवस्था की कमी के कारण जहरीली शराब लोगों तक पहुंच रही है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि सागर की घटना बहुत गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मौतों का आंकड़ा कम बताया है, जबकि असली संख्या ज्यादा हो सकती है। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष और गंभीर जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस ने आबकारी मंत्री और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत पद से इस्तीफा देने की मांग की। इसके साथ ही, मृतकों के हर परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक मदद और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई।
मुकेश भाटी ने यह भी कहा कि जहरीली शराब के मामले सिर्फ सागर तक सीमित नहीं हैं, उज्जैन में भी ऐसे मामले पहले सामने आ चुके हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी।